
कुरेडा गांव में सहोदरा नदी पर अधूरी पुलिया के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र का संपर्क कट गया और आवाजाही बाधित हो गया। इस दौरान एक बोलेरो गाड़ी नदी के तेज बहाव में फंस गई।
ग्रामीणों द्वारा बनाया गया अस्थायी रास्ता पानी में डूब जाने के कारण यह घटना हुई। लोगों ने बताया कि बोलेरो में तीन लोग सवार थे, जो बंबोर के बताए जा रहे हैं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन बाद में ग्रामीणों के सहयोग से बोलेरो को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि यह पुलिया लंबे समय से अधूरी पड़ी है, जिसके कारण हर साल मानसून में ग्रामीणों को जोखिम उठाकर नदी पार करनी पड़ती है। पुलिया का निर्माण कार्य पूरा न होने पर ग्रामीणों ने आवाजाही के लिए नदी के बीच से एक वैकल्पिक रास्ता बनाया था, जो अब जलमग्न हो गया है।
इस घटना के बाद दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुलिया का निर्माण कार्य पूरा करने और आवागमन बहाल करने की मांग की है, क्योंकि नदी का बहाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।




